कोरबा। जिला के पसान थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस चौकी कोरबी पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब जब्त की है। आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए शराब को अपने घर के पास स्थित धान के खेत में छिपाकर रखा था, जिसे पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बरामद किया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मामला 0/026 धारा 34(2) आबकारी एक्ट का है। आरोपी का नाम धनसाय उर्फ धन्नू बिंझवार पिता घूर साय बिंझवार उम्र 45 साल निवासी अलगाडाड घोसरा चौकी कोरबी थाना पसान जिला कोरबा बताया गया है।
पुलिस देहात भ्रमण पर थी, इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी धनसाय द्वारा अपने घर के पास स्थित धान के खेत में बिक्री के लिए भारी मात्रा में मध्य प्रदेश निर्मित अंग्रेजी शराब गोवा व्हिस्की रखी गई है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, नीतीश सिंह एवं एसडीओपी कटघोरा विजय सिंह ठाकुर के पर्यवेक्षण में तत्काल टीम गठित की गई।
कॉन्वेंट स्कूल में पहनावे को लेकर विवाद, लाल साड़ी-माला बनी शिक्षिका के इस्तीफे की वजह
टीम ने आरोपी के बताए गए खेत की घेराबंदी कर तलाशी ली। तलाशी के दौरान खेत से 389 नग गोवा व्हिस्की अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा लगभग 70.02 लीटर बताई जा रही है। यह शराब मध्य प्रदेश निर्मित है जिसे छत्तीसगढ़ में अवैध रूप से बिक्री के लिए लाया गया था। पुलिस ने शराब को जब्त कर आरोपी धनसाय उर्फ धन्नू को मौके से गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
उक्त कार्रवाई में चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक 199 संतोष सिंह, आरक्षक संजय साहू, परमानंद दिवाकर, टंकेश्वर पटेल, रोशन पांडे शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है। गौरतलब है कि इससे पहले भी पसान थाना पुलिस द्वारा अवैध महुआ शराब के अलावा बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब जब्त की जा चुकी है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर जिले में अवैध शराब, जुआ, सट्टा और नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
शिक्षकों के खिलाफ छात्राओं ने फिर खोला मोर्चा, बिलासपुर कलेक्ट्रेट में की शिकायत
