कार्टून समाज का दर्पण, सोचने और आत्ममंथन के लिए करता है प्रेरित : मुख्यमंत्री साय

Follow Us

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि कार्टून केवल हास्य और मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि लोकतंत्र और समाज का सशक्त दर्पण है। हास्य-व्यंग्य के जरिए गंभीर विषयों, सामाजिक विसंगतियों और जनभावनाओं को सरलता से प्रस्तुत करने की इसमें अद्भुत क्षमता है। मुख्यमंत्री राजधानी रायपुर में कार्टून वॉच पत्रिका द्वारा आयोजित कार्टून फेस्टिवल-2026 को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने युवा कार्टूनिस्टों से अपनी रचनात्मकता और मौलिकता को आगे बढ़ाने तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उन्होंने भारतीय कार्टून कला के दिग्गज आर.के. लक्ष्मण के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका प्रसिद्ध ‘कॉमन मैन’ आम नागरिक की आशाओं, अपेक्षाओं और चिंताओं का प्रतीक बना। मुख्यमंत्री ने जयपुर के कार्टूनिस्ट अभिषेक तिवारी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड मिलने पर बधाई दी और कहा कि कलाकारों के लंबे रचनात्मक योगदान का सम्मान नई पीढ़ी को प्रेरित करता है।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व, नेतृत्व और सेवा यात्रा पर आधारित कार्टून कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया गया। मुख्यमंत्री साय ने कार्टून वॉच पत्रिका के प्रकाशन के 30 वर्ष पूरे होने और 31वें वर्ष में प्रवेश पर संपादक त्र्यंबक शर्मा तथा उनकी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पत्रिका ने स्थापित और नए कार्टूनिस्टों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच उपलब्ध कराया है। लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी कार्टून कला को गंभीर और संवेदनशील विषयों को व्यंग्य के माध्यम से सरलता से प्रस्तुत करने का प्रभावी माध्यम बताया। मुख्यमंत्री ने युवा कलाकारों से डिजिटल माध्यमों के अवसरों का लाभ उठाने और अपनी रचनात्मक दृष्टि बनाए रखने की अपील की। कार्यक्रम में हिमांशु द्विवेदी, वरिष्ठ पत्रकार, जनप्रतिनिधि और देश के विभिन्न हिस्सों से आए कार्टूनिस्ट व कलाकार उपस्थित रहे।