बॉडी शेमिंग से गुजरीं राधिका मदान, सुनाया बचपन का किस्सा; बोलीं- दूसरों की मंजूरी जरूरी नहीं

Follow Us

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री राधिका मदान ने महिलाओं के लुक को लेकर समाज के दबाव और बॉडी शेमिंग के अपने अनुभव साझा किए हैं। उन्होंने बताया कि किस तरह अपने शरीर को लेकर की गई टिप्पणियों का सामना करने के बाद उन्होंने दूसरों को खुश करने के बजाय अपनी सेहत पर ध्यान देना शुरू किया। सोशल मीडिया पर कलाकारों के लुक को लेकर होने वाली ट्रोलिंग पर भी उन्होंने अपनी राय रखी।

राधिका ने ‘हिंदुस्तान टाइम्स’ को दिए इंटरव्यू में बताया कि फिल्म ‘पटाखा’ के लिए उन्होंने करीब 15 किलो वजन बढ़ाया था। इसके बाद ‘शिद्दत’ और ‘अंग्रेजी मीडियम’ के लिए वजन कम कर रही थीं। इस दौरान उन्हें मोटा कहकर ताने दिए गए और सवाल उठाए गए कि वह हीरोइन कैसे बन सकती हैं। लगातार शूटिंग के दौरान उनका वजन इतना कम हो गया कि वह खुद को हड्डियों का ढांचा महसूस करने लगीं। इसके बाद उन्होंने खुद से सवाल किया कि वह ऐसे लोगों को खुश करने की कोशिश क्यों कर रही हैं, जो कभी संतुष्ट नहीं होंगे। उन्होंने तय किया कि किसी खास शारीरिक बनावट को पाने के बजाय अपनी सेहत को प्राथमिकता देंगी।

अभिनेत्री ने बचपन का किस्सा साझा करते हुए बताया कि स्कूल के दिनों में उनकी भौहें जुड़ी हुई थीं और शरीर पर बाल भी ज्यादा थे। हालांकि, माता-पिता के सकारात्मक व्यवहार और प्रोत्साहन ने उन्हें आत्मविश्वास दिया। उन्हें कभी दोस्तों की स्वीकृति की जरूरत महसूस नहीं हुई। बाद में जब उनकी जुड़ी हुई भौहें हट गईं और लोग उन्हें ज्यादा नोटिस करने लगे, तब भी उनका खुद को देखने का नजरिया नहीं बदला। राधिका का मानना है कि हर व्यक्ति को अपनी खूबियां पहचाननी चाहिए और दूसरों की राय के बजाय खुद को स्वीकार करना सीखना चाहिए।

वर्कफ्रंट की बात करें तो राधिका मदान ने फिल्म ‘पटाखा’ से बॉलीवुड में कदम रखा था। इरफान खान के साथ ‘अंग्रेजी मीडियम’ से उन्हें पहचान मिली। इसके अलावा वह ‘शिद्दत’ और ‘जिगरा’ जैसी फिल्मों में भी नजर आईं। हाल ही में वह ‘लस्ट स्टोरीज 3’ में दिखाई दीं।