दुर्ग पुलिस की डीएसपी आकर्षि कश्यप ने दो सप्ताह में जीते लगातार दो अंतरराष्ट्रीय रजत पदक

Follow Us

नीदरलैंड के बाद तुर्किये में भी शानदार प्रदर्शन, अब जर्मनी की HYLO Open प्रतियोगिता में लेंगी हिस्सा

दुर्ग। दुर्ग पुलिस में डीएसपी के पद पर पदस्थ अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी आकर्षि कश्यप ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए दो सप्ताह के भीतर लगातार दो प्रतियोगिताओं में रजत पदक हासिल किया है। नीदरलैंड में आयोजित प्रतियोगिता में रजत पदक जीतने के बाद उन्होंने तुर्किये इंटरनेशनल बैडमिंटन चैलेंज में भी रजत पदक अपने नाम किया। चोट से उबरने के बाद उनकी यह उपलब्धि अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन में प्रभावी वापसी का संकेत है।

नीदरलैंड में आयोजित प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में आकर्षि कश्यप ने डेनमार्क की शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी अमाली शुल्ज को सीधे सेटों में 21-15, 21-13 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने प्रतियोगिता में रजत पदक हासिल किया। इसके बाद तुर्किये इंटरनेशनल बैडमिंटन चैलेंज में भी आकर्षि ने दमदार खेल का प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता के दौरान उन्होंने तीन दिनों में पांच मुकाबले खेले। लगातार मैचों के कारण आई शारीरिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया।

इस तरह आकर्षि कश्यप ने दो सप्ताह के भीतर दो अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में लगातार रजत पदक जीतकर अपनी खेल क्षमता, निरंतरता और समर्पण का परिचय दिया है। अब आकर्षि कश्यप 27 अक्टूबर 2026 से जर्मनी में शुरू होने वाली HYLO Open बैडमिंटन प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। इस प्रतियोगिता के लिए वे 23 अक्टूबर को रवाना होंगी और आगामी मुकाबलों की तैयारी में जुटेंगी।

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में स्थापित हुई अत्याधुनिक बीएसएल-3 बायोसेफ्टी प्रयोगशाला

दुर्ग पुलिस ने दी बधाई
दुर्ग पुलिस परिवार ने डीएसपी आकर्षि कश्यप को नीदरलैंड और तुर्किये में लगातार दो अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में रजत पदक जीतने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। पुलिस विभाग ने उनके अनुशासन, नियमित अभ्यास और खेल के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि वे जर्मनी में आयोजित होने वाली HYLO Open प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।