o रोलर चलाकर जब्त साइलेंसर किए गए नष्ट, तेज आवाज से लोगों को परेशान करने वाले बाइक चालकों को पुलिस की दोटूक चेतावनी
कांकेर। सड़कों पर कानफोड़ू आवाज निकालने वाली बाइकों के शौकीनों पर कांकेर पुलिस ने कड़ा शिकंजा कस दिया है। मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बीते एक माह में 75 से अधिक साइलेंसर जब्त किए। सोमवार को बाईपास स्थित कोडेजूंगा चौक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू की उपस्थिति में इन साइलेंसरों को रोलर चलाकर क्रशिंग के जरिए नष्ट कर दिया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ संदेश दे दिया है कि सड़कों पर तेज और कर्कश आवाज से आम लोगों को परेशान करने वालों की अब खैर नहीं। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के विभिन्न थानों और यातायात पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत बड़ी संख्या में मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त किए गए थे।
बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों की परेशानी पर पुलिस सख्त:
कार्रवाई के दौरान एएसपी योगेश साहू ने कहा कि मॉडिफाइड साइलेंसर से निकलने वाली तेज आवाज ध्वनि प्रदूषण बढ़ाने के साथ आमजन के लिए परेशानी का कारण बनती है। इसका प्रतिकूल प्रभाव बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों पर भी पड़ सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए जब्त साइलेंसरों को नष्ट किया गया है। इस दौरान प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
सेवा की कहानी : महतारी वंदन योजना से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ीं एमसीबी जिले की पार्वती
युवाओं को दोटूक संदेश, नियम तोड़े तो होगी कार्रवाई:
एएसपी साहू ने बाइक चालकों और युवाओं से अपील की कि वे वाहनों में कंपनी द्वारा निर्धारित मानक साइलेंसरों का ही इस्तेमाल करें और यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर पाए जाने पर चालानी कार्रवाई के साथ साइलेंसर जब्त करने की कार्रवाई भी जारी रहेगी। कांकेर पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने और ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी।

