बेमेतरा। जिले में अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। नांदघाट, चंदनू थाना और मारो चौकी की टीमों ने आरोपियों के कब्जे से 45 पौवा देशी मसाला शराब जब्त की। जब्त शराब की मात्रा 8,100 मिलीलीटर और कीमत करीब 4,500 रुपये बताई गई है। बिक्री की रकम समेत जब्त सामग्री का कुल मूल्य लगभग 5,340 रुपये है।
पुलिस के मुताबिक, 10 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम खपरी में छोटे पुलिया के पास, मारो के शगुनाबन तालाब घाट और ग्राम पौसरी चौक के पास दबिश दी गई। पुलिस का दावा है कि इन स्थानों पर तीनों आरोपी शराब रखकर अवैध रूप से बिक्री कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजकुमार वर्मा (32), निवासी ग्राम खपरी, थाना नांदघाट; नारायण डोरे (23), निवासी ग्राम पौसरी, थाना चंदनू; और भगवती रात्रे (25), निवासी ग्राम नगधा, चौकी मारो, जिला बेमेतरा के रूप में हुई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामले दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव, एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का तथा एसडीओपी बेरला रुचि वर्मा के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में संबंधित थानों और चौकी के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका रही।
