ज्ञानेश कुमार के मुद्दे पर केंद्र सरकार की भूमिका पर उठे सवाल, लोकतंत्र की रक्षा के लिए आज पूरा देश राहुल गांधी के साथ खड़ा है : अरुण वोरा

Follow Us

दुर्ग। दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर जारी विरोध-प्रदर्शन और चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर उठ रहे सवालों के बीच वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक अरुण वोरा ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही बेहद महत्वपूर्ण है। जब इन संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल उठते हैं, तो उनकी जिम्मेदारी है कि वे तथ्यों के साथ जवाब दें और जनता का विश्वास बनाए रखें।

अरुण वोरा ने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक मतदाता के वोट की रक्षा करना और चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित करना भी उतना ही आवश्यक है। विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों को नजरअंदाज करने के बजाय उनका पारदर्शी तरीके से समाधान किया जाना चाहिए। ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए अरुण वोरा ने कहा कि अब बहुत हो चुका है। जब चुनावी प्रक्रिया और चुनाव आयोग की निष्पक्षता को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं, तो नैतिकता के आधार पर ज्ञानेश कुमार को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। लोकतंत्र में संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों की जिम्मेदारी है कि वे अपनी निष्पक्षता और संस्थाओं की विश्वसनीयता के प्रति जनता का भरोसा कायम रखें।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार संविधान, लोकतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के मुद्दों को मजबूती से उठा रहे हैं। आज देश के सामने सबसे बड़ा सवाल लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता और जनता के मताधिकार की सुरक्षा का है। विपक्ष की आवाज को दबाने के बजाय उसके सवालों का जवाब दिया जाना चाहिए। भूपेश बघेल सरकार के कार्यों का उल्लेख करते हुए अरुण वोरा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने किसानों के हित में धान खरीदी, किसान न्याय योजना और कृषि ऋण माफी जैसे महत्वपूर्ण कदम उठाए। विद्यार्थियों, युवाओं और कमजोर वर्गों के हित में भी कई योजनाएं संचालित की गईं। कांग्रेस सरकार की प्राथमिकता किसान, मजदूर, विद्यार्थी और आम जनता का कल्याण रही।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार के कार्यों और जनहितकारी योजनाओं को देखते हुए पार्टी को अपनी जनसेवा पर पूरा भरोसा है। कांग्रेस का मानना है कि लोकतंत्र में जनता का निर्णय सर्वोपरि होता है और चुनावी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता की आशंका होने पर उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। वोट चोरी के आरोपों पर अरुण वोरा ने कहा कि कांग्रेस लगातार चुनावी पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े सवाल उठा रही है। इन आरोपों पर तथ्यों के आधार पर जवाब दिया जाना चाहिए और चुनावी प्रक्रिया में जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए। अरुण वोरा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान, लोकतंत्र और जनता के मताधिकार की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी। लोकतंत्र में जवाबदेही, पारदर्शिता और नैतिकता सर्वोपरि हैं। संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता बनाए रखना पूरे देश के लोकतांत्रिक भविष्य के लिए आवश्यक है।