बरसात के बाद निर्माण कार्यों में आएगी तेजी, PWD सचिव ने गरियाबंद में सड़कों और भवनों का किया निरीक्षण

Follow Us

रायपुर। बारिश का मौसम खत्म होने के बाद छत्तीसगढ़ में निर्माण कार्यों को गति देने की तैयारी शुरू हो गई है। लोक निर्माण विभाग ने सड़कों, पुल-पुलियों और सरकारी भवनों के निर्माण में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया है। इसी सिलसिले में विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने गरियाबंद जिले का दौरा कर विभिन्न निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और सभी परियोजनाओं को तय समय में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। विभाग अब नियमित निगरानी के साथ औचक निरीक्षण के जरिए भी निर्माण कार्यों की वास्तविक स्थिति जांचेगा।

निरीक्षण के दौरान सचिव ने फिंगेश्वर विकासखंड में कोपरा-पोखरा मार्ग के 26.20 किलोमीटर लंबे सड़क मजबूतीकरण और चौड़ीकरण कार्य का जायजा लिया। इस परियोजना में पुल-पुलियों का निर्माण भी शामिल है। इसके अलावा राजिम में चौबेबांधा स्थित नवीन मेला स्थल से लक्ष्मण झूला तक 3.50 किलोमीटर लंबे फोरलेन मार्ग के निर्माण की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय पर काम पूरा करने के निर्देश दिए।

सचिव बंसल ने गरियाबंद में बन रहे सरकारी भवनों का भी निरीक्षण किया। इनमें व्यवहार न्यायालय परिसर में न्यायिक अधिकारियों के लिए बनाए जा रहे दो डी-टाइप आवास, जिला परिवहन कार्यालय भवन और 40 जीएडी आवास शामिल हैं। उन्होंने इन परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेकर निर्माण कार्यों में तेजी लाने और समय-सीमा का पालन करने को कहा।

इसके बाद सचिव बिंद्रानवागढ़ क्षेत्र के दुर्गम इलाकों में पहुंचे। यहां उन्होंने कसाबाय-पतोरा दादर मार्ग पर आरडी 135 में चचंगी नाला पर बने पुल और पहुंच मार्ग का निरीक्षण किया, जिसका निर्माण पूरा हो चुका है। उन्होंने कसाबाय-सातधार मार्ग पर हलफली नाला में बन रहे उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग की स्थिति भी देखी। दूरस्थ क्षेत्रों में चल रही परियोजनाओं की प्रगति को लेकर उन्होंने विभागीय अधिकारियों से चर्चा की।

मैदानी निरीक्षण के बाद गरियाबंद सर्किट हाउस में अधिकारियों और ठेकेदारों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं और समस्याओं पर चर्चा हुई। सचिव ने कहा कि बारिश के बाद काम की गति बढ़ाने के साथ गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने नियमित मॉनिटरिंग और वरिष्ठ अधिकारियों के औचक निरीक्षण के जरिए निर्माण कार्यों की प्रगति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के संभागीय कार्यालय और परिसर का निरीक्षण कर स्वच्छता तथा रखरखाव बेहतर बनाए रखने को भी कहा। इस दौरान विभाग के प्रमुख अभियंता व्ही.के. भतपहरी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और अभियंता मौजूद रहे।