सरगुजा। शारदीय नवरात्र की शुरुआत के साथ ही सरगुजा संभाग के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ गई। पहले दिन सुबह से ही बड़ी संख्या में भक्त माता रानी के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे। मंदिरों में गूंजते जय माता दी के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
रामानुजगंज स्थित मां महामाया मंदिर में भी सुबह से भक्तों की भीड़ लगी रही। नवरात्र के पहले दिन माता के दर्शन के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर परिसर में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। पर्व को ध्यान में रखते हुए मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और दर्शन की व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर परिसरों में सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। भीड़ को नियंत्रित करने और दर्शन व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। नवरात्र के पहले दिन मंदिरों में उमड़ी भीड़ से पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह नजर आया। आगामी दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना को देखते हुए मंदिर प्रबंधन और प्रशासन व्यवस्था बनाए रखने में जुटे हैं।
