o रायपुर पुलिस की बड़ी सफलता अपहरण के चंद घंटों के भीतर आरोपी धराया
रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की वेस्ट जोन पुलिस ने अपहरण के चंद घंटों में ही 4 साल की मासूम को अपहरणकर्ता के चंगुल से सकुशल बरामद कर लिया है। बच्ची को महाराष्ट्र के नागपुर ग्रामीण इलाके के मौदा टोल प्लाजा से बरामद किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। 5 अक्टूबर को प्रार्थी ने थाना सरस्वती नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि अमृत पाल सिंह नाम का व्यक्ति उसकी 4 साल की बेटी को उठाकर ले गया है। सूचना मिलते ही पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला और अतिरिक्त आयुक्त अमित तुकाराम कामले ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
डीसीपी वेस्ट राबिन्सन गुरिया, एडिशनल डीसीपी राहुल देव शर्मा के निर्देशन और एसीपी ईशु अग्रवाल के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी सरस्वती नगर चेतन चंद्राकर के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और आरोपी के लोकेशन का विश्लेषण किया तो पता चला कि वह बच्ची को लेकर महाराष्ट्र की ओर भागा है। टीम को तुरंत महाराष्ट्र रवाना किया गया और साकोली पुलिस व मौदा पुलिस को सूचना दी गई।
- सयुक्त कार्रवाई में आरोपी को मौदा टोल प्लाजा पर बच्ची के साथ पकड़ा गया।
- आरोपी: अमृत पाल सिंह पिता स्व. निर्मल सिंह, उम्र 32 साल, निवासी अमृतसर, पंजाब, हाल मुकाम हीरापुर गुरुद्वारा के पास, थाना कबीर नगर रायपुर।
इस कार्रवाई में मौदा पुलिस, साकोली पुलिस महाराष्ट्र और रायपुर पुलिस के सउनि सुशील शुक्ला, पीएसआई अजय सोनी, प्र.आर. संजय सिंह, आरक्षक सुरजित सिंह सेंगर, ज्ञानचंद साहू और क्राइम यूनिट की सराहनीय भूमिका रही।
रायपुर नगर निगम के 11 अधिकारियों का तबादलाः निगम आयुक्त ने जारी किया आदेश
