बैकुंठपुर। शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने और तेज आवाज करने वाले वाहनों पर रोक लगाने के लिए कोतवाली पुलिस ने 5 अक्टूबर की रात ओडगी नाका चौक पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान पटाखे जैसी तेज आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगी चार बुलेट मोटरसाइकिलें पकड़ी गईं। पुलिस ने सभी वाहनों को जब्त करते हुए प्रत्येक चालक पर 5-5 हजार रुपये का समन शुल्क लगाया। इसके अलावा शराब के नशे में वाहन चलाने, बिना हेलमेट और जरूरी दस्तावेजों के वाहन चलाने सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने वाहन चालकों को मॉडिफाइड साइलेंसर हटाकर कंपनी द्वारा निर्धारित मानक साइलेंसर का इस्तेमाल करने की हिदायत दी है। पुलिस के अनुसार जांच के दौरान इस तरह के साइलेंसर लगे मिलने पर वाहन जब्त करने के साथ जुर्माना और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और वाहन चलाते समय सुरक्षा का ध्यान रखने की अपील की है।
