रायपुर। छत्तीसगढ़ में बिजली बिल के बकायादार उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। पावर कंपनी ने समाधान योजना की अंतिम तारीख को तीन महीने आगे बढ़ा दिया है। अब पात्र उपभोक्ता 31 दिसंबर तक योजना का लाभ लेकर अपना बकाया बिजली बिल जमा कर सकेंगे। इस फैसले से प्रदेश के करीब साढ़े 5 लाख पंजीकृत उपभोक्ताओं को अतिरिक्त समय मिलेगा।
योजना के तहत एकमुश्त बकाया राशि जमा करने वाले उपभोक्ताओं को मूल राशि पर 10 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। वहीं तीन किस्तों में भुगतान करने वालों को कुल बिजली बिल पर 5 प्रतिशत की राहत मिलेगी। इसके साथ ही योजना के तहत बकाया बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं का पूरा सरचार्ज माफ किया जाएगा। घरेलू और कृषि, दोनों श्रेणी के उपभोक्ताओं को इस योजना का लाभ मिलेगा।
पावर कंपनी के अनुसार अब तक 3.62 लाख उपभोक्ता अपना पूरा बकाया जमा कर चुके हैं। योजना के माध्यम से अब तक 770 करोड़ रुपये से अधिक की छूट दी जा चुकी है। समयसीमा बढ़ाए जाने के बाद बाकी पात्र बकायादारों को भी भुगतान के लिए तीन महीने का अतिरिक्त अवसर मिलेगा। योजना के तहत भुगतान की अंतिम तारीख अब 31 दिसंबर निर्धारित की गई है।
