रायगढ़। जिले में वाहन चोरी के खिलाफ चल रही कार्रवाई के दौरान घरघोड़ा पुलिस ने कथित वाहन चोर गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से बुलेट, टीवीएस जुपिटर, हीरो स्प्लेंडर प्लस और एनएक्सजी समेत चार चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। जब्त वाहनों की कुल अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपए बताई गई है। मामला 18 सितंबर को घरघोड़ा निवासी सुनील शर्मा की जुपिटर स्कूटी चोरी होने के बाद सामने आया था। शिकायत पर 19 सितंबर को अपराध क्रमांक 292/2026 के तहत बीएनएस की धारा 303(2) में मामला दर्ज किया गया था। सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस संदिग्धों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान 3 अक्टूबर को वाहन जांच के दौरान चोरी की जुपिटर पर सवार तीन लोगों को पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान मिलन दास महंत, हरिशंकर महंत और कन्हैया दास महंत के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, इनमें मिलन और हरिशंकर सगे भाई हैं, जबकि कन्हैया उनका चचेरा भाई है। हरिशंकर मोटरसाइकिल मैकेनिक है और कन्हैया सक्ती क्षेत्र में ड्रायवरी करता है। पुलिस का कहना है कि वाहनों और उनके पुर्जों की जानकारी का इस्तेमाल करते हुए तीनों ने चोरी के वाहन बेचने की योजना बनाई थी। पूछताछ में आरोपियों ने मई 2026 में छाल के बरभौना चौक के पास से एनएक्सजी बाइक, घरघोड़ा के नवापारा चौक से बुलेट तथा करीब दो महीने पहले छाल के बोजिया स्थित मस्जिद के पास से हीरो स्प्लेंडर प्लस और एनएक्सजी चोरी करने की जानकारी दी। इसके बाद 18 सितंबर को घरघोड़ा से जुपिटर चोरी करने की बात भी सामने आई।
पुलिस ने बरामद बुलेट की जांच सशक्त मोबाइल ऐप के जरिए की तो उसका रिकॉर्ड दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में दर्ज वाहन चोरी के मामले से जुड़ा मिला। पुलिस ने चारों वाहनों को जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में पुसल्दा, थाना छाल निवासी मिलन दास महंत (30) और हरिशंकर महंत (24) तथा डभरा, जिला सक्ती निवासी कन्हैया दास महंत (37) शामिल हैं। तीनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
