नवांशहर। नवांशहर में एक बस के फ्लाईओवर से नीचे गिरने से 2 छात्र और कंडक्टर की मौत हो गई। हादसा सोमवार सुबह करीब 5 बजे बंगा के पास गांव मजारी में हुआ। बस मनाली से लौट रहे पर्यटक और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के छात्रों को लेकर अमृतसर जा रही थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक हादसा ड्राइवर को नींद की झपकी आने से हुआ। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सोमवार सुबह फ्लाईओवर से उतरते समय बस ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई। इससे तेज रफ्तार बस पर से उसका नियंत्रण खो गया। बस बेकाबू होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के परखच्चे उड़ गए। जानकारी मिलते ही पुलिस और राहत टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया।
राहत टीमों ने बस में फंसे लोगों को बाहर निकालने का काम शुरू किया। हादसे में घायल लोगों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हादसे में 2 छात्रों और बस कंडक्टर की मौत हुई है। हालांकि, मृतकों और घायलों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। वहीं प्रशासन ने मृतकों और घायलों की कुल संख्या की आधिकारिक पुष्टि भी नहीं की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
