शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं, राहगीरों को हो रही परेशानी
बलरामपुर। बलरामपुर-चांदो मार्ग पर घरों से निकलने वाला पानी सड़क पर बहने के कारण सड़क के खराब होने की समस्या सामने आई है। स्थानीय लोगों के अनुसार कई घरों का पानी उचित निकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण सीधे सड़क पर आ रहा है, जिससे सड़क पर लगातार नमी बनी रहने के साथ जगह-जगह सड़क क्षतिग्रस्त होने की स्थिति निर्मित हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी की निकासी के लिए नाली निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन कुछ लोगों द्वारा नाली निर्माण का विरोध किया जा रहा है। इसके चलते जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। बारिश एवं घरेलू उपयोग के पानी के सड़क पर बहने से सड़क की स्थिति और खराब होने की आशंका बनी हुई है।
बताया गया कि इस समस्या को लेकर स्थानीय स्तर पर कई बार जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) से शिकायत की जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं की गई तो सड़क को और अधिक नुकसान हो सकता है तथा राहगीरों और वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
स्थानीय नागरिकों ने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कर घरों से निकलने वाले पानी की उचित निकासी व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही नाली निर्माण में आ रही आपत्तियों का निराकरण कर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि पानी सड़क पर न बहे और सड़क को क्षति से बचाया जा सके।
लोगों का कहना है कि सड़क और नाली दोनों सार्वजनिक सुविधा से जुड़े विषय हैं। ऐसे में प्रशासन को संबंधित पक्षों से चर्चा कर विवाद का समाधान करते हुए जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।
