रायपुर जिले में आंगन मिलन सम्मेलन का आयोजन, जिले के 207 आंगनवाड़ी केन्द्रों में हुए विविध आयोजन

Follow Us

जनप्रतिनिधियों ने की सहभागिता, आंगनवाड़ी केन्द्रों को दिए खिलौने और बच्चों का किया उत्साहवर्धन

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा रायपुर जिले में आंगन मिलन सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन के अंतर्गत जिले के 207 आंगनवाड़ी केन्द्रों में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं, माताओं, बच्चों तथा स्थानीय समुदाय की सक्रिय सहभागिता रही।

कार्यक्रम के दौरान गर्भवती माताओं की गोदभराई एवं बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। इस अवसर पर माताओं एवं परिवारजनों को गर्भावस्था के दौरान आवश्यक देखभाल, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, बच्चों के उचित पोषण, स्वास्थ्य तथा प्रारंभिक बाल विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।

सम्मेलन में जिले के गरिमामय जनप्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की। जनप्रतिनिधियों द्वारा आंगनवाड़ी केन्द्रों में बच्चों के लिए खिलौने एवं अन्य उपयोगी सामग्री प्रदान की गई। साथ ही विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों एवं प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं द्वारा माताओं एवं परिवारों को बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं सर्वांगीण विकास के लिए आंगनवाड़ी केन्द्रों के माध्यम से उपलब्ध सेवाओं का नियमित लाभ लेने हेतु प्रेरित किया गया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में आयोजित इस आंगन मिलन सम्मेलन का उद्देश्य आंगनवाड़ी केन्द्रों को समुदाय से जोड़ते हुए मातृ एवं बाल स्वास्थ्य, पोषण एवं प्रारंभिक बाल विकास के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा आंगनवाड़ी सेवाओं में सामुदायिक सहभागिता को सुदृढ़ करना है।