कोरबा। श्यांग थाना क्षेत्र के बरपाली गांव में संतोषी नाम की 33 वर्षीय महिला का शव घर के पीछे बने सेप्टिक टैंक से मिलने के बाद पुलिस ने उसके लिव-इन पार्टनर मनोज उरांव को गिरफ्तार किया है। बताया गया कि दोनों करीब दो साल से साथ रह रहे थे। पुलिस के मुताबिक, 27 अगस्त को दोनों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान मारपीट के बाद संतोषी की मौत हो गई और शव को छिपाने के लिए सेप्टिक टैंक में डाल दिया गया। घटना के बाद मनोज फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने अंबिकापुर से पकड़ा है।
संतोषी के रक्षाबंधन पर मायके नहीं पहुंचने के बाद उसके परिवार को उसकी चिंता हुई। परिजनों ने मनोज से संपर्क किया तो उसने संतोषी के घर चले जाने की बात कही। 19 सितंबर को संतोषी के भाई रामभरोसे समेत परिवार के लोग मनोज के घर पहुंचे, लेकिन वहां ताला लगा मिला। इसी दौरान पीछे की ओर बने सेप्टिक टैंक से दुर्गंध महसूस हुई और पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, तहसीलदार और फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में टैंक खुलवाया गया, जहां महिला का शव मिला। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर जांच शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर के मुताबिक, मनोज की तलाश के दौरान उसके अलग-अलग जगहों पर छिपे होने की जानकारी मिली और अंत में उसे अंबिकापुर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब घटना की परिस्थितियों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
