जशपुरनगर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की घोषणा के तहत जशपुर जिले के बंदरचूआ और दुलदुला में अत्याधुनिक बस स्टैंड का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। दोनों स्थानों पर बस स्टैंड निर्माण के लिए एक-एक करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। निर्माण पूरा होने के बाद यात्रियों को आधुनिक प्रतीक्षालय सहित बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। नए बस स्टैंड से यात्रियों के लिए बसों के इंतजार की व्यवस्थित व्यवस्था के साथ बसों के आवागमन और ठहराव के लिए निर्धारित स्थान विकसित होंगे। इससे आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों को भी आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
पत्थलगांव और कुनकुरी में भी हाईटेक बस स्टैंड जिले में यात्री सुविधाओं के विस्तार के तहत पत्थलगांव और कुनकुरी में भी आधुनिक बस स्टैंड विकसित किए जा रहे हैं। पत्थलगांव में बस स्टैंड निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपये और कुनकुरी में हाईटेक बस स्टैंड के लिए 7 करोड़ 20 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।
इन परियोजनाओं से यात्रियों के लिए सुविधाओं के विस्तार के साथ बसों के संचालन और ठहराव की व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच परिवहन सुविधा को भी इससे मजबूती मिलने की उम्मीद है।
