मुंबई। ‘राइज एंड फॉल’ सीजन 2 में कंटेस्टेंट्स के बीच चल रही तकरार उस समय गंभीर हो गई, जब सिवेट तोमर और शहजाद पूनावाला के बीच बहस हाथापाई तक पहुंच गई। विवाद के बाद सिवेट को शो से बाहर कर दिया गया। बताया गया कि दोनों के बीच ‘अल्टीमेट रूलर’ रेस से पहले विवाद शुरू हुआ था। इस मुकाबले के जरिए टावर में सबसे अधिक ताकत रखने वाले कंटेस्टेंट का फैसला होना था, साथ ही विजेता को उस सप्ताह के एलिमिनेशन से सुरक्षा मिलनी थी।
वोटिंग प्रक्रिया में सिवेट को कमजोर निर्णय लेने वाला घोषित किए जाने के बाद उन्हें रेस से बाहर कर दिया गया। इसके बाद उन्हें किसी एक रूलर को सबसे कमजोर बताने का मौका मिला और उन्होंने शहजाद का नाम चुना। इसी दौरान शहजाद ने सिवेट के स्वरा भास्कर से दोबारा बात करने पर सवाल उठाते हुए उनके रवैये को ‘डबल स्टैंडर्ड’ बताया। दोनों के बीच बहस इतनी बढ़ी कि सिवेट ने शहजाद की गर्दन पकड़कर उन्हें नीचे गिरा दिया। इस घटना में शहजाद के घायल होने और कपड़े फटने की बात सामने आई। शो में शारीरिक हिंसा के खिलाफ नियमों के तहत सिवेट पर कार्रवाई करते हुए उनका सफर खत्म कर दिया गया। उनके बाहर होने के बाद स्वरा भास्कर और करण पटेल ने भी इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी। शो की मेजबानी वीरेंद्र सहवाग कर रहे हैं और ‘राइज एंड फॉल 2’ प्राइम वीडियो पर प्रसारित हो रहा है।
