मुंबई। राजकुमार राव और कीर्ति सुरेश की फिल्म रफ्तार लंबे समय से लोगों का ध्यान खींचती आई है। यह अभिनेता के लिए खास है, क्योंकि इसका निर्माण उनकी पत्नी पत्रलेखा ने कम्पा फिल्म्स के बैनर तले किया है। निर्देशन की कमान आदित्य निम्बालकर ने संभाली है, जिन्हें सेक्टर 36 (2024) के लिए जाना जाता है। कहानी और पटकथा का काम रोहन नरूला ने किया है। ताजा अपडेट है कि फिल्म की रिलीज तारीख आधिकारिक तौर पर तय हो गई है।
रफ्तार की रिलीज तारीख का ऐलान करते हुए राजकुमार ने एक भावनात्मक पोस्ट साझा किया। उन्होंने लिखा, कहते हैं कि सपने को साकार करने में वक्त लगता है, लेकिन उसे जीने के लिए और ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। रफ्तार हमारे लिए सिर्फ फिल्म नहीं, यह रंगमंच की दुनिया में हमारा पहला कदम है। हमारी ताकत बनने के लिए धन्यवाद। हम मंजिल के बहुत करीब हैं। उन्होंने ऐलान किया कि फिल्म 16 अक्टूबर को दशहरा के मौके पर रिलीज होगी। रफ्तार भारत में तेजी से बढ़ते एड-टेक सेक्टर की पृष्ठभूमि पर आधारित फिल्म है।
यह एक स्टार्टअप के उदय और उसके मुख्य पात्रों की तीव्र महत्वाकांक्षाओं को पर्दे पर दिखाएगी। फिल्म की कहानी एक दृढ़ निश्चयी पुरुष और एक महत्वाकांक्षी महिला के इर्द-गिर्द घूमती है, जो सफलता, लालच, शक्ति और रिश्ते के बीच नैतिक संतुलन बनाने की कोशिश करते हैं। इसमें अनुराग ठाकुर, रोहन वर्मा, तान्या मानिकतला और रजत कपूर भी अहम किरदारों के साथ शामिल हैं।
