बलरामपुर। जिले में रविवार रात करीब 9 बजे से 11:30 बजे के बीच अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में पांच लोग घायल हो गए। इनमें एक युवक के पैर में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि एक अन्य के सिर पर गंभीर चोट बताई गई है। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाकर उपचार कराया गया। पहला हादसा रात करीब 9 बजे अधौरा पेट्रोल पंप के पास हुआ, जहां पैदल जा रहे करीब 30 वर्षीय शंकरपाल को पीछे से आई तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। बाइक पर मुकेश राय (20) और मुनेश राय (21) सवार थे। टक्कर में तीनों घायल हो गए। सूचना मिलने पर निजी एंबुलेंस चालक एवं समाजसेवी राघव सोनी मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। बताया गया कि दो घायलों को गंभीर चोटें आई हैं।
दूसरी दुर्घटना करीब 11:30 बजे बलरामपुर न्यायालय तिराहे के पास हुई। रामानुजगंज से अंबिकापुर जा रहे एक ट्रक में पीछे से जूते-चप्पलों से लदी पिकअप जा भिड़ी। पिकअप में मौजूद चालक और परिचालक ने सीट बेल्ट लगा रखी थी, जिससे उन्हें गंभीर चोट नहीं आई, हालांकि दोनों ने शरीर में दर्द और अंदरूनी चोट की शिकायत की। पिकअप के ऊपर बैठे दो लोगों में से एक टक्कर के दौरान नीचे गिर गया, जबकि दूसरा वाहन में ही रह गया। दोनों को भी मामूली चोटें आईं। सूचना मिलने पर हाईवे पेट्रोलिंग वाहन से मंगल पैकरा और चिराग प्यारे मोहन मौके पर पहुंचे और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। समय पर पहुंची मदद से दोनों घटनाओं में घायलों को जल्द चिकित्सा सुविधा मिल सकी।
