यूएई में भारतीय व्यक्ति की हत्या, दो महीने बाद कार में मिले शरीर के 9 टुकड़े

Follow Us

शारजाह। संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह में कर्नाटक के उडुपी जिले के एक व्यक्ति की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। करीब दो महीने पहले हत्या किए गए व्यक्ति का शव कार की डिक्की से बरामद किया गया। मृतक की पहचान कुंडापुर निवासी अल्विन प्रकाश कुंदर के रूप में हुई है। वह पिछले 14 वर्षों से शारजाह हवाईअड्डे पर काम कर रहे थे। उनकी पत्नी टीना और कक्षा 10 में पढऩे वाला बेटा भी उनके साथ रहते थे, लेकिन दोनों फिलहाल लापता बताए जा रहे हैं।

प्रकाश के भाई अनिल प्रशांत कुंदर के अनुसार, उन्होंने 20 जुलाई को अपने भाई को फोन किया था, लेकिन फोन का कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने शारजाह में प्रकाश के सहयोगी मनोहर से संपर्क किया। मनोहर ने बताया कि प्रकाश जिस अपार्टमेंट में रहते थे, वहां के चौकीदार ने उनके भारत जाने की जानकारी दी थी।

हालांकि, बाद में प्रकाश के पासपोर्ट से संबंधित रिकॉर्ड की जांच में पता चला कि वह भारत नहीं गए थे और शारजाह में ही मौजूद थे। इसके बाद परिवार की ओर से पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई। अनिल के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद शारजाह पुलिस ने प्रकाश की तलाश शुरू की। जांच के दौरान 12 अगस्त को ओमान जाने वाली सड़क पर खड़ी एक टोयोटा कार की डिक्की से प्रकाश का शव बरामद किया गया।

दक्षिण अफ्रीका के डरबन में सामूहिक गोलीबारी, 11 लोगों की मौत; मृतकों में गर्भवती महिला भी शामिल

परिजनों के अनुसार, प्रकाश के सीने में चाकू से वार किया गया था। इसके बाद उनके शव को नौ टुकड़ों में काटकर दो थैलों में पैक किया गया था। शव की पहचान की पुष्टि डीएनए जांच के जरिए की गई। परिवार के अनुसार, नेस्ले में काम करने वाले उनके बेटे के डीएनए नमूने से मिलान के बाद प्रकाश की पहचान सुनिश्चित हुई।

प्रकाश के भाई ने बताया कि परिवार को उनका मृत्यु प्रमाण पत्र मिल चुका है, लेकिन अभी तक प्राथमिकी की प्रति प्राप्त नहीं हुई है। सबसे बड़ी चिंता प्रकाश की पत्नी टीना और उनके कक्षा 10 में पढऩे वाले बेटे को लेकर है। दोनों का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। परिवार को आशंका है कि दोनों भारत लौटे हो सकते हैं, लेकिन वर्तमान में वे कहां हैं, इसकी कोई जानकारी नहीं है। हत्या की वारदात में टीना या उनके बेटे की किसी भूमिका की भी अभी पुष्टि नहीं हुई है।

अमेरिका-ईरान के बीच न्यूयॉर्क में तीन घंटे चली बातचीत, होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने को ईरान ने रखीं शर्तें

रिपोर्ट के अनुसार, प्रकाश और टीना की शादी करीब 20 साल पहले हुई थी। टीना दुबई के एक स्कूल में शिक्षिका के रूप में काम करती थीं, जबकि उनका बेटा भी दुबई के एक स्कूल में कक्षा 10 में पढ़ रहा था। जांच के दौरान उस अपार्टमेंट की निगरानी कैमरे की फुटेज भी सामने आई है, जहां प्रकाश रहते थे। फुटेज में एक महिला और दो पुरुष कुछ सामान लेकर बाहर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, संयुक्त अरब अमीरात की पुलिस की जांच में इस फुटेज से क्या जानकारी सामने आई है, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है।

परिवार फिलहाल प्रकाश की हत्या की पूरी जांच और उनकी पत्नी तथा बेटे का पता लगाए जाने का इंतजार कर रहा है। पुलिस की जांच के आधार पर ही हत्या के कारणों और इसमें शामिल लोगों की भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।