दक्षिण अफ्रीका के डरबन में सामूहिक गोलीबारी, 11 लोगों की मौत; मृतकों में गर्भवती महिला भी शामिल

Follow Us

डरबन। दक्षिण अफ्रीका के डरबन शहर के पास क्वामखुथा कस्बे में मंगलवार देर रात एक घर में हुई सामूहिक गोलीबारी में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हुए हैं। मृतकों में एक गर्भवती महिला भी शामिल है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस के अनुसार, घटना के समय घर में एक पार्टी चल रही थी और वहां कुल 14 लोग मौजूद थे। इसी दौरान तीन संदिग्ध हथियारबंद लोग घर में घुसे और मौजूद लोगों पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि घर में 13 पुरुष और एक गर्भवती महिला मौजूद थी। गोलीबारी में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हुए हैं।

पुलिस ने बताया कि अभी तक सामूहिक गोलीबारी के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। हालांकि, शुरुआती जांच में इसे प्रतिद्वंद्वी गुटों के बीच पुरानी दुश्मनी से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस हमले में शामिल संदिग्धों की तलाश और घटना के कारणों की जांच कर रही है। यह घटना डरबन से करीब 30 किलोमीटर दूर हुई है। हमलावरों के पार्टी के दौरान घर में प्रवेश करने और लोगों पर गोली चलाने से इलाके में भय का माहौल पैदा हो गया है।

दक्षिण अफ्रीका दुनिया में सबसे अधिक हत्या दर वाले देशों में शामिल है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, देश में औसतन प्रतिदिन करीब 60 हत्याएं होती हैं। नवंबर में होने वाले नगरपालिका चुनावों से पहले देश के कई हिस्सों में हिंसक घटनाओं को लेकर भी चिंता जताई जा रही है। इससे पहले जून में जोहान्सबर्ग के एक गरीब इलाके में कई हमलावरों ने हमला कर 12 लोगों की हत्या कर दी थी। दिसंबर में हुई दो अलग-अलग सामूहिक गोलीबारी की घटनाओं में 21 लोगों की मौत हुई थी।

बीरगांव में बनेगा नालंदा परिसर और मॉडल रजिस्ट्री कार्यालय, सात क्षेत्रों में सर्वे के बाद पात्र लोगों को नियमानुसार दिए जाएंगे आवासीय पट्टे

आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल से जून के बीच दक्षिण अफ्रीका में कुल 5,427 हत्याएं दर्ज की गईं। क्वामखुथा में हुई ताजा घटना ने एक बार फिर देश में बढ़ती हिंसा और सामूहिक गोलीबारी की घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमले के पीछे के कारणों तथा संदिग्ध हमलावरों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।