भारत-अमेरिका युद्ध अभ्यास में गरजी एम777 तोप, सभी निर्धारित लक्ष्यों को किया नष्ट

Follow Us

नई दिल्ली। भारत और अमेरिका की सेनाओं के संयुक्त युद्धाभ्यास में राजस्थान के महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में एम777 अल्ट्रा लाइट हॉवित्जर की फायरिंग क्षमता का प्रदर्शन किया गया। भारतीय सेना की तोप टुकड़ियों ने डायरेक्ट फायरिंग पद्धति से निर्धारित लक्ष्यों पर सटीक निशाना साधा और सभी लक्ष्यों को सफलतापूर्वक नष्ट किया।

फायरिंग अभ्यास के दौरान भारतीय जवानों ने अपनी पेशेवर दक्षता, सटीकता और युद्ध की परिस्थितियों में तत्परता का प्रदर्शन किया। भारतीय सेना ने इस दौरान ‘हर पल सतर्क, हर समय तैयार’ का संदेश दोहराया।अभ्यास के बाद अमेरिकी सैन्य दल ने एम777 की तैनाती वाली जगहों का दौरा किया और भारतीय तोप टुकड़ी के अधिकारियों व जवानों से बातचीत की। दोनों पक्षों ने सैन्य अनुभव और बेहतर युद्धक प्रक्रियाओं को लेकर विचार साझा किए।

कटरा में वैष्णो देवी हेलीपैड टर्मिनल पर लगी भीषण आग, टिकट काउंटर के कंप्यूटर और कैफे जलकर खाक

अभ्यास से पहले एम777 अल्ट्रा लाइट हॉवित्जर की तैनाती और संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं का प्रदर्शन भी किया गया। इसमें तोप की तैनाती, सैन्यकर्मियों की जिम्मेदारियों, स्थानीय रक्षा के समन्वय और जवाबी गोलाबारी की स्थिति में वैकल्पिक स्थान पर जाने की प्रक्रिया समझाई गई। इसके साथ ही ‘शूट एंड स्कूट’ अभ्यास भी किया गया, जिसमें कार्रवाई के बाद तोप को तेजी से उसकी स्थिति से हटाने की क्षमता पर जोर दिया गया।

भारत-अमेरिका संयुक्त युद्धाभ्यास का 22वां संस्करण उत्तराखंड के औली के बर्फीले पहाड़ी क्षेत्र से लेकर राजस्थान के महाजन फील्ड फायरिंग रेंज तक जारी है। अभ्यास में दोनों देशों के करीब 600-600 सैन्यकर्मी हिस्सा ले रहे हैं। इस दौरान ड्रोन और स्वायत्त प्रणालियों के जरिए निगरानी व टोह लेने के साथ आधुनिक हथियार प्रणालियों का भी प्रदर्शन किया जा रहा है।