मुंगेली। खुड़िया डेम के पास से चोरी हुई मोटरसाइकिल के मामले में लोरमी पुलिस ने 26 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई छह मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 2.10 लाख रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक बिलासपुर निवासी चंद्रशेखर पटेल 17 सितंबर को अपनी मां के साथ खुड़िया डेम घूमने पहुंचे थे। उन्होंने बाइक बांध के पास खड़ी की और घूमने चले गए। करीब एक घंटे बाद वापस लौटने पर बाइक वहां नहीं मिली। शिकायत के आधार पर 18 सितंबर को लोरमी थाने में बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मुखबिर की सूचना और तकनीकी सहायता से पुलिस ने अमलडीही निवासी चरन कुर्रे (22) और अमित चेलकर (21) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने खुड़िया डेम से बाइक चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपियों से आगे पूछताछ करने पर अन्य स्थानों से पांच और मोटरसाइकिल चोरी करने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर दोनों के घरों से तीन-तीन बाइक बरामद कीं। जब्त वाहनों में पांच हीरो एचएफ डीलक्स, एक हीरो मोटरसाइकिल और एक होंडा साइन शामिल हैं। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 3(5) भी जोड़ी है। दोनों आरोपियों को 19 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला व उप पुलिस अधीक्षक माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में की गई।
