दंतेवाड़ा। नवीन शासकीय मेडिकल कॉलेज दंतेवाड़ा में जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन ने अपनी 17 सूत्रीय मांगों को लेकर डीन डॉ. टीकू सिन्हा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जूनियर डॉक्टरों के मानदेय में वृद्धि सहित विभिन्न मांगों का उल्लेख किया गया है।
एसोसिएशन ने मांगों के समर्थन में 21 सितंबर से प्रस्तावित प्रदेशव्यापी हड़ताल का सूचना-पत्र भी डीन को सौंपा है। जूनियर डॉक्टरों ने बताया कि हड़ताल के पहले चरण में 21 सितंबर से ओपीडी सेवाएं बंद रखी जाएंगी।
जूनियर डॉक्टरों के अनुसार, यदि मांगों पर जल्द समाधान नहीं होता है तो आगामी चरण में आपातकालीन सेवाएं भी बंद करने की चेतावनी दी गई है। एसोसिएशन ने मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है, ताकि हड़ताल के कारण मरीजों को होने वाली असुविधा से बचाया जा सके।
