इन खतरनाक रेलवे रूट्स पर सफर करना किसी एडवेंचर से कम नहीं, समुद्र से पहाड़ों तक दिखता है रोमांच

Follow Us

नई दिल्ली। ट्रेन का सफर आमतौर पर सुविधाजनक माना जाता है, लेकिन दुनिया में कुछ रेल मार्ग ऐसे भी हैं जहां यात्रा के दौरान रोमांच और चुनौती दोनों का अनुभव होता है। कुछ ट्रैक समुद्र के ऊपर बने पुलों से गुजरते हैं, जबकि कई रास्ते ऊंची पहाड़ियों, चट्टानों और बर्फीले इलाकों के बीच से होकर निकलते हैं। ऐसे ही कुछ चर्चित रेलवे रूट्स पर नजर डालते हैं।

चेन्नई-रामेश्वरम रूट, भारत: चेन्नई से रामेश्वरम जाने वाला रेल मार्ग पंबन पुल से होकर गुजरता है। समुद्र के ऊपर बने इस पुल से ट्रेन के गुजरने का नजारा बेहद खास होता है। करीब 2.3 किलोमीटर लंबे इस पुल को जहाजों की आवाजाही के लिए ऊपर उठने वाली व्यवस्था के साथ बनाया गया था। समुद्र के बीच से गुजरती ट्रेन का दृश्य यात्रियों के लिए खास अनुभव होता है।

डेविल्स नोज ट्रेन, इक्वाडोर: इक्वाडोर का यह रेल मार्ग अपने घुमावदार और ऊंचाई वाले रास्ते के लिए जाना जाता है। करीब 12 किलोमीटर के सफर में ट्रेन लगभग 500 मीटर की ऊंचाई का अंतर तय करती है। इसी तरह अलास्का का व्हाइट पास एंड युकोन रेलवे स्कैगवे से कनाडा के व्हाइटहॉर्स तक जाता है। करीब 177 किलोमीटर लंबे इस ऐतिहासिक मार्ग का निर्माण 1898 में क्लोंडाइक गोल्ड रश के दौर में हुआ था और रास्ते में बर्फीले पहाड़ व संकरे ट्रैक दिखाई देते हैं।

डेथ रेलवे, थाईलैंड: दूसरे विश्व युद्ध के समय तैयार किया गया यह रेल मार्ग थाईलैंड के बान पोंग से म्यांमार की दिशा तक जाता है। इसके निर्माण के दौरान युद्धबंदियों और एशियाई मजदूरों से जबरन काम कराए जाने की बात इतिहास में दर्ज है और बड़ी संख्या में लोगों की मौत हुई थी। जंगलों, घाटियों और पहाड़ी क्षेत्रों से गुजरने वाला यह रेलवे रूट आज ऐतिहासिक महत्व के साथ-साथ अपने कठिन भूगोल के लिए भी जाना जाता है।