तेज रफ्तार माजदा ने सड़क किनारे खड़े तीन भाइयों को मारी टक्कर, दो की मौत; एक गंभीर

Follow Us

बिलासपुर। बिल्हा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को तेज रफ्तार माजदा वाहन ने सड़क किनारे खड़े तीन भाइयों को टक्कर मार दी। हादसे में दो भाइयों की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल है। दुर्घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, भाटागांव निवासी बारातू दास अपने भाइयों प्रीतम दास और चंदू दास के साथ रिश्तेदार प्रदीप माणिकपुरी के घर गए थे। वहां से लौटते समय तीनों बाइक सड़क किनारे खड़ी कर आपस में बातचीत कर रहे थे।

इसी दौरान सीजी-10 एस-1868 नंबर का माजदा वाहन तेज रफ्तार में आया और तीनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक माजदा के अगले पहिए में फंसकर कुछ दूर तक घिसटती चली गई। इसके बाद माजदा सड़क किनारे बिजली के खंभे से जा टकराया। हादसे में बारातू दास और प्रीतम दास गंभीर रूप से घायल हुए। डायल-112 की टीम ने तीनों घायलों को बिल्हा अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने बारातू और प्रीतम को मृत घोषित कर दिया। चंदू दास का उपचार जारी है।

घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। मृतक के पुत्र रूपेंद्र दास की रिपोर्ट पर बिल्हा पुलिस ने माजदा वाहन जब्त कर लिया है और फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।