मुंगेली। जिले में चल रहे ‘साइबर जागृति अभियान के तहत पुलिस ने चार स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर 2046 छात्र-छात्राओं और शिक्षक-शिक्षिकाओं को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में थाना फास्टरपुर और पथरिया क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रमों में बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों समेत सभी वर्गों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया।
छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक ‘साइबर क्राइम मुक्त छत्तीसगढ़ के संकल्प के साथ साइबर जागृति अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत 17 सितंबर को थाना फास्टरपुर क्षेत्र के ग्राम दाबो स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 316 छात्र-छात्राओं और 9 शिक्षकों को तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छटन में 409 छात्र-छात्राओं और 14 शिक्षकों को साइबर सुरक्षा की जानकारी दी गई।
इसी तरह 16 सितंबर को थाना पथरिया क्षेत्र के स्वामी आत्मानंद स्कूल पथरिया में 685 छात्र-छात्राओं और 15 शिक्षकों तथा सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल पथरिया में 636 छात्र-छात्राओं और 17 शिक्षकों को साइबर अपराधों से बचाव के तरीके बताए गए। चारों स्कूलों में कुल 2046 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकगण को जागरूक किया गया। पुलिस ने साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए अनजान लोगों के साथ ओटीपी, पिन, पासवर्ड, बैंक संबंधी जानकारी अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की अपील की।
सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला चिकित्सालय में आयोजित रक्तदान शिविर में 16 यूनिट रक्त संग्रहित
साथ ही संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने और साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई। पुलिस ने लोगों से ‘साइबर जागरूक रहें, सुरक्षित रहें का संदेश अपनाने की अपील की है।
