एयर इंडिया एक्सप्रेस के 8 क्रू सदस्य निलंबित , ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट में 35 मिनट की देरी

Follow Us

नई दिल्ली। दुबई से अमृतसर आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट के आठ क्रू सदस्यों को पोस्ट-फ्लाइट अनिवार्य प्रक्रिया में देरी भारी पड़ गई। 2 अगस्त 2026 को दुबई से अमृतसर पहुंची फ्लाइट के क्रू को लैंडिंग के बाद निर्धारित समय सीमा के भीतर पोस्ट-फ्लाइट डिक्लेरेशन जमा करना था, लेकिन इसमें 35 मिनट की देरी हो गई।

विमानन नियमों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय उड़ान के लैंड करने के दो घंटे के भीतर क्रू सदस्यों को पोस्ट-फ्लाइट डिक्लेरेशन और अनिवार्य ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट की प्रक्रिया पूरी करनी होती है। हालांकि, संबंधित फ्लाइट के क्रू ने डिक्लेरेशन 2 घंटे 35 मिनट बाद जमा किया।प्रक्रियात्मक देरी सामने आने के बाद एयरलाइन के अनिवार्य सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत सभी क्रू सदस्यों का साइकोएक्टिव पदार्थों के सेवन की जांच के लिए मेडिकल टेस्ट कराया गया। राहत की बात यह रही कि सभी आठ सदस्यों की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई।

हालांकि, टेस्ट रिपोर्ट में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं मिलने के बावजूद एयरलाइन प्रबंधन ने निर्धारित समय सीमा के उल्लंघन को गंभीरता से लिया। सूत्रों के मुताबिक, एयर इंडिया एक्सप्रेस ने घटना की विस्तृत रिपोर्ट नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को सौंप दी है।वहीं, अनुशासनात्मक कार्रवाई के तहत एयरलाइन ने फ्लाइट के सभी आठ क्रू सदस्यों को तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया है।