जलभराव, पानी, बिजली और नाली की शिकायतों के बाद नगर निगम ने चलाया अभियान; बिल्डरों ने आगे निर्माण नहीं कराने का दिया आश्वासन
रायपुर । नगर निगम ने जोन-6 क्षेत्र की रावतपुरा कॉलोनी फेस-2 में लेआउट के बाहर किए गए करीब 40 अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की। नगर निगम के अनुसार, संबंधित बिल्डरों द्वारा बिना अनुमति लेआउट के बाहर निर्माण कराया गया था। नोटिस जारी करने के बाद निगम की टीम ने इन निर्माणों को हटाने की कार्रवाई की।
नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन-6 जोन कमिश्नर हितेंद्र यादव के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कार्यपालन अभियंता दिनेश सिन्हा सहित नगर निगम के संबंधित अधिकारी-कर्मचारी और पुलिस बल मौजूद रहा।
लेआउट के बाहर कराए गए थे निर्माण
जोन कमिश्नर हितेंद्र यादव के मुताबिक रावतपुरा कॉलोनी फेस-2 में लेआउट के बाहर करीब 40 निर्माण किए जाने की जानकारी मिली थी। निगम की ओर से संबंधित लोगों को नियमानुसार नोटिस जारी किया गया। इसके बाद अभियान चलाकर अवैध निर्माण हटाए गए। कार्रवाई की जद में मुनरपे, रहमत, ओग, धनु सोनकर, मनोज चकधारी, रवि त्रिपाठी, आशु त्रिपाठी, अनवर, चेतन देवांगन, सुभाष विश्वकर्मा, सुखराम चकधारी, अजय साहू, जय साहू, अजय माखिजा, बसंत सतवाने, तिस्थ साहू और गोपाल देवांगन सहित अन्य से जुड़े निर्माण शामिल बताए गए हैं।
समस्याओं को लेकर मिल रही थीं शिकायतें
निगम अधिकारियों के अनुसार, रावतपुरा कॉलोनी फेस-2 क्षेत्र में पहले जलभराव, बिजली, पानी और नाली से संबंधित जनशिकायतें मिल चुकी थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए लेआउट के बाहर किए गए निर्माणों की जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। कार्रवाई के बाद संबंधित बिल्डरों ने नगर निगम को आगे लेआउट के बाहर निर्माण नहीं कराने की बात कही है। निगम ने स्पष्ट किया है कि मामले में आगे भी नियमानुसार प्रक्रिया के तहत कार्रवाई जारी रहेगी।

