दो दिन में 10 आरोपी गिरफ्तार, सात से धारदार चाकू बरामद; आम्र्स एक्ट का स्थायी वारंटी भी पकड़ा गया
रायपुर। सार्वजनिक स्थानों पर चाकू लेकर घूमने, लोगों को डराने-धमकाने, अवैध वसूली और गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के मध्य जोन में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पुलिस ने पिछले दो दिनों में 10 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। इनमें सात आरोपियों से धारदार चाकू बरामद किए गए, जबकि आम्र्स एक्ट के एक स्थायी वारंटी को भी गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा गुंडागर्दी और अवैध शराब के मामले में एक-एक आरोपी के खिलाफ कार्रवाई हुई। डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल के निर्देश और एडिशनल डीसीपी विवेक शुक्ला के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया गया।
गंज थाना क्षेत्र में तीन गिरफ्तार
गंज पुलिस ने एक्सप्रेस-वे रोड चुनाभ_ के पास इकबाल शेख (21) को धारदार चाकू लेकर घूमते हुए पकड़ा। वहीं पुरानी देशी शराब भ_ी के पास लोगों को डराने-धमकाने के आरोप में शिवा नायक उर्फ छुरा (19) को गिरफ्तार किया गया। नितिन हरिजन उर्फ बिड़ी (21) को तेलघानी नाका ओवरब्रिज के नीचे चाकू लेकर घूमते हुए पकड़ा गया। तीनों के कब्जे से धारदार चाकू बरामद कर आम्र्स एक्ट की धाराओं 25 और 27 के तहत कार्रवाई की गई।
मौदहापारा में चार पर कार्रवाई
मौदहापारा पुलिस ने मेकाहारा अस्पताल स्लम के पास फिरोज खान (33) को स्टील का धारदार चाकू लेकर घूमते हुए पकड़ा। मरही माता मंदिर रोड पर लक्ष्मी मेडिकल के सामने देवराम बघेल (25) को लकड़ी के मूठ वाले लोहे के धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा बॉम्बे मार्केट स्थित बिजली ऑफिस के सामने मयंक सोनी (19) और एक विधि से संघर्षरत बालक को चाकू लेकर घूमते पकड़ा गया। चारों मामलों में धारदार चाकू बरामद कर आम्र्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार विधि से संघर्षरत बालक का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसे नियमानुसार बाल न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
आम्र्स एक्ट का स्थायी वारंटी भी गिरफ्तार
अभियान के दौरान आम्र्स एक्ट के प्रकरण में स्थायी वारंटी मोहम्मद मोहसिन अली (19), निवासी पंडरी को भी गिरफ्तार किया गया।
शराब के लिए पैसे नहीं देने पर धमकी
गोलबाजार थाना क्षेत्र में ऋषभ रक्सेल के खिलाफ डीकेएस अस्पताल ऑटो स्टैंड के पास शराब पीने के लिए पैसे मांगने, पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने और हाथ-मुक्का से मारपीट करने की शिकायत पर कार्रवाई की गई। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धाराओं 296, 351(2), 115(2) और 119(1) के तहत अपराध दर्ज किया गया।
30 पाव शराब जब्त
सिटी कोतवाली पुलिस ने गांधी मैदान चौड़ी के पास छगन मरावी (45) को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से सिंडिकेट व्हिस्की के 30 पाव, कुल 5 लीटर 400 मिलीलीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 3,600 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस की चेतावनी
मध्य जोन पुलिस ने कहा है कि सार्वजनिक स्थानों पर चाकू या अन्य हथियार लेकर घूमने, हथियारों का प्रदर्शन करने, आम लोगों को धमकाने, गुंडागर्दी और अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। न्यायालयीन वारंटियों और अवैध शराब रखने वालों पर भी पुलिस की नजर रहेगी।
