धमतरी। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत धमतरी पुलिस ने बोराई नाके पर कार्रवाई करते हुए एक यात्री बस से 11.33 किलोग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस ने मामले में मध्यप्रदेश के देवास जिले के रहने वाले निखिल वर्मा (26) और मोहित गोदरा (28) को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार 15 सितंबर को बोराई पुलिस बैरियर नाके के पास वाहनों और यात्रियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा से धमतरी की तरफ आ रही यात्री बस क्रमांक सीजी 04 ईए 2476 को रोककर तलाशी ली गई।
जांच के दौरान बस में सवार दोनों आरोपियों के पास से गांजा मिला। पुलिस ने उनके कब्जे से 11.33 किलो गांजा के अलावा दो मोबाइल फोन और 2,350 रुपये नकद भी जब्त किए। जब्त सामान की कुल अनुमानित कीमत 2 लाख 32 हजार 350 रुपये बताई गई है। निखिल वर्मा सतवास और मोहित गोदरा गोलागुठान, थाना सतवास, जिला देवास के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ थाना बोराई में अपराध क्रमांक 16/26 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। अब पुलिस गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क की कड़ियों की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और आगे कहां पहुंचाया जाना था। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में अंतरराज्यीय तस्करी और नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही गई है।
