कोरबा। पसान थाना क्षेत्र के पनगांव में शनिवार रात पारिवारिक विवाद के दौरान एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान गुलाब सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, गुलाब सिंह का अपनी मां के साथ किसी पारिवारिक बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी दौरान उनका भतीजा दुर्गेश कुमार भी वहां पहुंचा और विवाद बढ़ने पर कथित तौर पर घर में रखी फरसी से चाचा पर हमला कर दिया। गले पर गंभीर चोट लगने के बाद गुलाब सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। शोर सुनकर परिजन और आसपास के लोग पहुंचे, जहां उन्होंने गुलाब सिंह को खून से लथपथ हालत में पाया। इसके बाद ग्रामीणों ने कोरबी चौकी पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल को सुरक्षित कर फोरेंसिक टीम की मदद से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की। चौकी प्रभारी के अनुसार, घटना की परिस्थितियों और विवाद की वास्तविक वजह की जांच की जा रही है। फरार आरोपी दुर्गेश कुमार को पकड़ने के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर तलाश और दबिश दे रही है। वारदात के बाद गांव में सनसनी का माहौल है और पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
