जगदलपुर में चाकू लहराकर दहशत फैलाने का आरोप, 20 वर्षीय युवक गिरफ्तार

Follow Us

जगदलपुर। सार्वजनिक स्थान पर चाकू दिखाकर लोगों को डराने और धमकाने के मामले में बस्तर पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। बोधघाट थाना क्षेत्र में हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल धारदार चाकू बरामद किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया गया।

पुलिस के मुताबिक, कुम्हारपारा निवासी कुरसो सोना ने बोधघाट थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 10 सितंबर की सुबह उसके ऑटो के पीछे कुम्हारपारा, गुरु घासीदास वार्ड निवासी रोनित बघेल उर्फ खरगोश नशा कर रहा था। जब उसे वहां नशा करने से रोका गया तो उसने कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए बांस के डंडे से हमला कर दिया। शिकायत के अनुसार, विवाद के बाद आरोपी ने अपने पास रखा धारदार चाकू निकालकर लहराया और प्रार्थी को फिर से जान से मारने की धमकी दी। मामले की सूचना मिलने के बाद बोधघाट पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनन्दन राठौर के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक डी. धोत्रे के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में टीम बनाई गई।

पुलिस टीम ने पतासाजी कर रोनित बघेल उर्फ खरगोश (20), पिता लखीराम बघेल, निवासी कुम्हारपारा, गुरु घासीदास वार्ड, जगदलपुर को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी द्वारा घटना में शामिल होना स्वीकार करने की बात पुलिस ने कही है। इसके बाद उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त धारदार चाकू जब्त किया गया और उसे न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया। कार्रवाई में निरीक्षक टामेश्वर चौहान, उप निरीक्षक लोकेश्वर नाग, सहायक उप निरीक्षक दिनेश उसेंडी, प्रधान आरक्षक मयाराम कश्यप और आरक्षक होरी लाल आर्मो की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बस्तर पुलिस ने कहा है कि सार्वजनिक स्थानों पर भय का माहौल बनाने और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।