युवक पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, राजपुर पुलिस ने 2 घंटे में आरोपी को पकड़ा

Follow Us

रास्ते में रोककर दिया वारदात को अंजाम, घायल सिद्धांत अंबिकापुर रेफर; आरोपी न्यायिक रिमांड पर

बलरामपुर-रामानुजगंज । राजपुर थाना क्षेत्र में एक युवक पर पेट्रोल डालकर आग लगाने के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना की सूचना मिलने के दो घंटे के भीतर हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई है।

पुलिस के अनुसार, 28 जून 2026 को बुढ़ाबगीचा निवासी शिवकुमार काशी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक राखी के दौरान घर आए परिजनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान रामेश्वर उर्फ कोचा और सिद्धांत के बीच भी कथित तौर पर झगड़ा हुआ।बताया गया कि विवाद के बाद सिद्धांत अपने भाई को घटना की जानकारी देने चला गया था। रात करीब 8:15 बजे जब वह वापस लौट रहा था, तभी आरोपी ने रास्ते में उसे रोक लिया। आरोप है कि आरोपी ने सिद्धांत पर पेट्रोल डालकर लाइटर से आग लगा दी। इस घटना में सिद्धांत के शरीर पर जलने की चोटें आईं।

साइबर जागृति अभियान में ट्रांसपोर्टर राजा भाटिया ने ली जागरूकता की सेल्फी, साइबर अपराध से सतर्क रहने की अपील

पेट्रोल की बोतल और लाइटर बरामद
घटना की सूचना मिलने के बाद राजपुर पुलिस ने अपराध क्रमांक 216/2026 और धारा 109(1) BNS के तहत मामला दर्ज किया। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रार्थी व गवाहों के बयान लिए।पुलिस के मुताबिक घटनास्थल के पास से पेट्रोल लगी खाली बोतल और लाइटर बरामद कर जब्त किया गया। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे कुछ ही घंटों में हिरासत में लिया गया।

घायल का अंबिकापुर में इलाज जारी
घायल सिद्धांत को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय अंबिकापुर रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।आरोपी रामेश्वर उर्फ कोचा पिता गुर्जससाय उर्फ गोमा घांसी (21 वर्ष), निवासी बुढ़ाबगीचा महुआपारा, थाना राजपुर को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड के लिए प्रस्तुत किया गया है।राजपुर पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।