रायपुर। राजधानी में 29 अगस्त को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी, मारपीट, अवैध शराब, चाकूबाजी और सड़क हादसे से जुड़े कई मामले दर्ज किए गए। मोवा में सूने मकान से सोने के जेवर, 1.50 लाख रुपये नकद और लैपटॉप चोरी हुआ, जबकि पुरानीबस्ती और मोवा में दोपहिया वाहन चोरी के मामले सामने आए। वहीं आमानाका और सिविल लाइन क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रूप से चाकू लेकर घूम रहे तीन युवकों को गिरफ्तार किया।
० मोवा में सूने मकान का ताला तोड़कर 3.20 लाख का माल पार
मोवा थाना क्षेत्र की ग्रैंडले जवाहर दुबे कॉलोनी में चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया। शिकायतकर्ता दीपक पटेल के मुताबिक 28 अगस्त की रात करीब 8 बजे के बाद अज्ञात चोर मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और आलमारी में रखे सोने के जेवर, 1.50 लाख रुपये नकद तथा एक लैपटॉप चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 3.20 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने अपराध क्रमांक 262/26 दर्ज किया है।
० राजेंद्र नगर में दरवाजा-खिड़की तोड़कर चोरी
राजेंद्र नगर के गुरुमुख सिंह नगर, कोड़ोबोड़ो बस्ती में चोरों ने घर का दरवाजा और खिड़की तोड़कर प्रवेश किया। आरोपी पलंग में रखा मोबाइल फोन और 3 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गया। चोरी की कुल कीमत करीब 15 हजार रुपये है। मामले में अपराध क्रमांक 206/26 दर्ज किया गया है।
० पुरानीबस्ती में एक्टिवा चोरी
पुरानीबस्ती थाना क्षेत्र के भाठागांव बीएसयूपी कॉलोनी में खड़ी होंडा एक्टिवा मोपेड क्रमांक सीजी 04 एमजे 3486 चोरी हो गई। वाहन की कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने अपराध क्रमांक 447/26 दर्ज किया है।
० बालाजी अस्पताल की पार्किंग से बाइक गायब
मोवा थाना क्षेत्र में ही बालाजी अस्पताल की पार्किंग से हीरो स्प्लेंडर बाइक क्रमांक ष्टत्र 04 रुक्क 5326 चोरी हो गई। शिकायतकर्ता योगेश कुमार के मुताबिक बाइक की कीमत करीब 15 हजार रुपये है। पुलिस ने अपराध क्रमांक 263/26 दर्ज कर अज्ञात चोर की तलाश शुरू की है।
० कुत्ता घुमाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट
टिकरापारा थाना क्षेत्र के सिमरन सिटी, मठपुरैना में कुत्ता घुमाने को लेकर विवाद हो गया। एक मामले में निकिता सोनी ने शिकायत की कि करण भारती और उसके दो साथियों ने कुत्ते को घुमाने लाने की बात पर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। दूसरे मामले में कल्याणी सोनी की शिकायत पर निकिता सोनी और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। शिकायत के मुताबिक कुत्ता घुमाने से मना करने पर विवाद बढ़ा और मारपीट की गई। एक अन्य मामले में काली नगर, लालपुर में पति और पड़ोसी के बीच हो रही मारपीट को रोकने पर अजिशा सोनवानी के साथ गाली-गलौज, धमकी और मारपीट की शिकायत दर्ज हुई।
० पुरानी रंजिश में महिला से मारपीट
पुरानीबस्ती थाना क्षेत्र के जगन्नाथ मंदिर के पास अश्वनी नगर में पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ। शिकायत के अनुसार आशीष धनकर और जीतू यादव ने महिला के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट कर चोट पहुंचाई।
० तेज रफ्तार कार ने चार मवेशियों को मारी टक्कर, तीन की मौत
मुजगहन थाना क्षेत्र के अविनाश सिटी मोड़ के पास तेज रफ्तार कार ने सड़क पर बैठे चार मवेशियों को टक्कर मार दी। हादसे में तीन मवेशियों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक मवेशी घायल हो गया। पुलिस ने कार क्रमांक सीजी 07 सीएफ 3664 के चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 281 के तहत मामला दर्ज किया है।
० डीडी नगर में 35 पाव और खमतराई में 36 पाव शराब जब्त
आबकारी कार्रवाई में डीडी नगर पुलिस ने विप्र नगर-अग्रोहा कॉलोनी क्षेत्र से 35 पाव देशी शराब, जिसकी कीमत करीब 3,500 रुपये है, जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। वहीं खमतराई पुलिस ने शक्ति पारा, उरकुरा तालाब के पास कार्रवाई करते हुए 36 पाव देशी शराब जब्त की। जब्त शराब की कीमत करीब 4 हजार रुपये बताई गई है।
० राजधानी में तीन जगह चाकू लेकर घूमते युवक गिरफ्तार
सिविल लाइन पुलिस ने बूढ़ी माता चौक, राजेंद्र नगर में चाकू लेकर आम लोगों को आतंकित करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया। इसी तरह आमानाका पुलिस ने टाटीबंध चौक के पास और मोहब्बा बाजार के पास अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो युवकों को चाकू के साथ गिरफ्तार किया। दोनों मामलों में आम्र्स एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। एक ही दिन में चोरी, वाहन चोरी, मारपीट, शराब और चाकूबाजी के कई मामले सामने आने से राजधानी में कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। खासकर सूने मकानों और पार्किंग स्थलों में चोरी की घटनाएं पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई हैं।
