नागपुर। नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बीच काठमांडू में फंसे नागपुर के 102 तीर्थयात्री रविवार तड़के सुरक्षित अपने घर लौट आए। इससे एक दिन पहले इसी समूह के चार तीर्थयात्री हवाई मार्ग से नागपुर पहुंच चुके थे। इस तरह बाढ़ में फंसे विदर्भ के सभी 106 श्रद्धालु सुरक्षित वापस लौट आए हैं। यह दल 19 अगस्त को नेपाल के धार्मिक स्थलों की यात्रा पर गया था, जिसमें प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर समेत कई तीर्थस्थल शामिल थे। नेपाल-तिब्बत सीमा के पास अचानक आई बाढ़ के कारण सड़क और संचार व्यवस्था बाधित हो गई, जिससे सभी श्रद्धालु कई दिनों तक काठमांडू में फंसे रहे। हालात सामान्य होने के बाद उन्हें चरणबद्ध तरीके से भारत लाया गया।
उज्बेकिस्तान में पीएम मोदी का दूसरा दिन, दलीप ट्रॉफी सेमीफाइनल का आगाज़
रविवार सुबह करीब 4:30 बजे ट्रेन से नागपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे श्रद्धालुओं का परिजनों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। सुरक्षित वापसी पर यात्रियों ने राहत की सांस ली और बचाव एवं समन्वय में सहयोग के लिए महाराष्ट्र सरकार और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का आभार जताया। नेपाल में आई इस प्राकृतिक आपदा ने भारी तबाही मचाई है। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार सैकड़ों लोगों की मौत हुई है, जबकि बड़ी संख्या में लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में लगातार जुटा हुआ है।
