मरवाही में पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला महिला का शव, इलाके में फैली सनसनी

Follow Us

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। पेंड्रा के मरवाही थाना क्षेत्र में एक महिला का शव घर के पास पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना कटरा धनुहारीटोला गांव की बताई जा रही है। मृतिका की पहचान हो गई है। जानकारी के अनुसार, महिला का शव सुबह घर के नजदीक एक पेड़ पर फंदे से लटका हुआ दिखाई दिया।

परिजनों ने शव देखते ही इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही मरवाही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर जांच संबंधी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने प्रथम दृष्टया मामले को आत्महत्या से जोड़कर देखा है, हालांकि महिला ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।

पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की वास्तविक परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।