रायपुर । कांग्रेस ने आगामी चुनाव संबंधी गतिविधियों को लेकर अपने सोशल मीडिया विभाग में राष्ट्रीय पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की हैं। इसमें छत्तीसगढ़ से जुड़े आयुष पांडेय को उत्तर प्रदेश में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी आदेश में आयुष पांडेय को उत्तर प्रदेश में चुनाव संबंधी सोशल मीडिया गतिविधियों के समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है।
कांग्रेस की सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म विभाग की चेयरपर्सन और कांग्रेस वर्किंग कमेटी की सदस्य सुप्रिया श्रीनेत ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। आदेश के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय संयोजक प्रणव वच्छराजानी और राष्ट्रीय समन्वयक आयुष पांडे को जिम्मेदारी दी गई है। आयुष पांडे वर्तमान में उत्तर प्रदेश के प्रभारी हैं।उत्तराखंड के लिए राष्ट्रीय समन्वयक संदीप गुप्ता और अक्षत सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पंजाब में राष्ट्रीय समन्वयक अमरजीत सिंह और अभय तिवारी को समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है। अमरजीत सिंह वर्तमान में पंजाब के प्रभारी हैं।
इसी तरह गोवा में राष्ट्रीय समन्वयक विपिन यादव और अभिषेक महानंदा को जिम्मेदारी दी गई है। मणिपुर के लिए राष्ट्रीय समन्वयक सुमित दुबे को आगामी चुनाव संबंधी गतिविधियों के समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सुमित दुबे वर्तमान में मणिपुर के प्रभारी हैं। इसके अलावा कांग्रेस ने संबंधित राज्यों के संगठन प्रभारी महासचिव, संचार प्रभारी महासचिव, प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष और कांग्रेस विधायक दल के नेताओं को भी आदेश की प्रति भी भेजी है।
