ग्राम कुर्रा में गंभीर रूप से घायल एक गाय को पशु चिकित्सा टीम ने सफलतापूर्वक अंग विच्छेदन कर जीवन बचाया

Follow Us

० शासकीय पशु चिकित्सालय कुरूद की विशेषज्ञ टीम ने समय पर उपचार कर किया सफल ऑपरेशन

धमतरी । कुरूद विकासखंड के ग्राम कुर्रा में गंभीर रूप से घायल एक गाय का शासकीय पशु चिकित्सालय कुरूद की विशेषज्ञ पशु चिकित्सा टीम ने सफलतापूर्वक अंग विच्छेदन कर जीवन बचाया। समय पर उपचार और विशेषज्ञ चिकित्सकीय हस्तक्षेप के बाद गाय की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई गई है।

जानकारी के अनुसार करीब सात दिन पहले एक भैंस के हमले में गाय के पैर में गंभीर चोट आई थी। सूचना मिलने पर शासकीय पशु चिकित्सालय कुरूद की विशेषज्ञ टीम ग्राम कुर्रा पहुंची और गाय का परीक्षण किया। जांच के दौरान गाय के पैर की जांघ की हड्डी (फीमर) बाहर निकली हुई मिली। इसके साथ ही आसपास के ऊतकों में गंभीर क्षति और सडऩ हो चुकी थी। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद प्रभावित पैर को बचाना संभव नहीं पाया गया। संक्रमण के फैलाव को रोकने और गाय का जीवन बचाने के लिए चिकित्सकों ने प्रभावित अंग का विच्छेदन करने का निर्णय लिया। विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों ने निर्धारित चिकित्सा प्रोटोकॉल के तहत गाय को उचित एनेस्थीसिया देकर शल्यक्रिया की। ऑपरेशन के दौरान अंत:शिरा द्रव, दर्द निवारक दवाओं, एंटीबायोटिक्स सहित आवश्यक सहायक उपचार दिया गया। चिकित्सकीय निगरानी और पूरी सावधानी के साथ शल्यक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की गई। ऑपरेशन के बाद गाय की हालत स्थिर है और उसे लगातार चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। चिकित्सकों ने पशुपालक को संक्रमण से बचाव, घाव की नियमित देखभाल, दवाओं के उपयोग और पर्याप्त पोषण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।

सफल उपचार के बाद पशुपालक ने शासकीय पशु चिकित्सालय कुरूद की टीम का आभार जताया। यह मामला ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध शासकीय पशु चिकित्सा सेवाओं की तत्परता, वैज्ञानिक उपचार पद्धति और पशुधन के प्रति संवेदनशीलता का उल्लेखनीय उदाहरण माना जा रहा है।