रायपुर । राजधानी रायपुर में बीते 27 अगस्त की शाम से 28 अगस्त की देर रात तक अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस ने अपराधों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गुंडागर्दी, अवैध हथियार, गांजा, शराब और सट्टा सहित विभिन्न मामलों में आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर गिरफ्तारियां की गईं।
० बार में तोडफ़ोड़ और जान से मारने की धमकी
सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सीजी-04 ढाबा के पास आरोपियों द्वारा शराब के नशे में बार में तोडफ़ोड़, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया। शिकायत के आधार पर बीएनएस की धाराओं 296, 351(2), 324(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
० घर में घुसकर अश्लील हरकत का आरोप
खमतराई थाना क्षेत्र के सतनामी पारा गोंदवारा में एक महिला के सुनसान मकान का ताला तोड़कर अज्ञात व्यक्ति द्वारा कमरे में प्रवेश करने और अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया। पुलिस ने बीएनएस की धारा 331(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की है।
० होटल के पास सट्टा, 80 हजार रुपये जब्त
गंज थाना पुलिस ने होटल सन कैम्पस के नीचे सट्टा संचालित करने के आरोप में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से सट्टा-पट्टी और 80 हजार रुपये नकद जब्त किए गए। मामले में सट्टा एक्ट की धारा 6 के तहत कार्रवाई की गई।
० गुढिय़ारी में 19 पाव देशी शराब जब्त
गुढिय़ारी थाना पुलिस ने सीएसईबी मैदान क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी के कब्जे से 19 पाव देशी शराब और बिक्री की रकम 400 रुपये जब्त की। जब्त शराब और रकम की कुल कीमत करीब 2,080 रुपये बताई गई है। मामले में आबकारी एक्ट की धारा 34(1) के तहत कार्रवाई की गई।
० चार थाना क्षेत्रों में चाकूबाजी रोकने कार्रवाई
राजधानी में सार्वजनिक स्थानों पर चाकू लेकर लोगों को आतंकित करने वालों के खिलाफ भी पुलिस ने कार्रवाई की। टिकरापारा थाना क्षेत्र के सरजू बांधा तालाब, आजाद चौक थाना क्षेत्र के अमातालाब गार्डन, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के संत कबीर चौक और जोगी बंगला के पास पुलिस ने अलग-अलग मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया। इन मामलों में आम्र्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों की उम्र करीब 22 से 23 वर्ष बताई गई है।
० आमानाका में 10.59 ग्राम गांजा जब्त
आमानाका थाना पुलिस ने टाटीबंध चौक, बिलासपुर रोड क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी के कब्जे से 10.59 ग्राम गांजा बरामद किया। आरोपी के खिलाफ नारकोटिक्स अधिनियम की धारा 21-बी के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तारी की गई।
० डीडी नगर में 2 किलो गांजा बरामद
डीडी नगर थाना पुलिस ने इंद्रप्रस्थ कॉलोनी के श्रीराम चौक के पास कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी के बैग से 2 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपये है, बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ नारकोटिक्स अधिनियम की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस की इन कार्रवाइयों से साफ है कि राजधानी में अवैध हथियार, नशे के कारोबार, सट्टा और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
