रक्षाबंधन पर जेल में बहनों को मिलेगी प्रवेश की अनुमति, सुरक्षा व्यवस्था रहेगी कड़ी

Follow Us

रायपुर। रक्षाबंधन के पर्व को देखते हुए केंद्रीय जेल रायपुर में बंदियों और उनकी बहनों की मुलाकात के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। जेल प्रशासन के अनुसार 28 अगस्त को सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक बहनें जेल परिसर में प्रवेश कर अपने भाइयों को राखी बांध सकेंगी। प्रवेश केवल वैध पहचान पत्र प्रस्तुत करने के बाद ही दिया जाएगा।जेल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए एक बंदी से राखी बांधने के लिए अधिकतम तीन बहनों को ही अंदर जाने की अनुमति दी है। प्रवेश से पहले सभी आगंतुकों की निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच की जाएगी।

रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों को प्रति बंदी अधिकतम 100 ग्राम मिठाई साथ ले जाने की अनुमति रहेगी। जेल परिसर में पहुंचने के बाद मिठाई की जांच की जाएगी। इसके अलावा किसी अन्य खाद्य सामग्री को अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

भोटेकोशी की बाढ़ से नेपाल में भारी तबाही, 162 लोगों की मौत; सैकड़ों अब भी लापता

मोबाइल और कीमती सामान पर रोक
जेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मुलाकात के दौरान मोबाइल फोन, पर्स, नकदी और अन्य कीमती वस्तुओं को परिसर के अंदर ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। इन सामानों को सुरक्षित रखने के लिए जेल में जमा कराने की सुविधा भी उपलब्ध नहीं होगी। ऐसे में परिजनों से इन्हें घर से ही न लाने की अपील की गई है।

तीन चरणों में हो सकती है तलाशी
जेल की सुरक्षा को देखते हुए प्रवेश से पहले महिला कर्मचारियों द्वारा तीन स्तरों पर तलाशी ली जा सकती है। प्रशासन ने आगंतुकों से अपील की है कि वे जांच और तलाशी की प्रक्रिया में सहयोग करें तथा निर्धारित नियमों का पालन करते हुए व्यवस्था बनाए रखें। जेल अधीक्षक ने रक्षाबंधन के दौरान शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित मुलाकात सुनिश्चित करने में सभी परिजनों से सहयोग की अपेक्षा की है।