वॉशिंगटन। बच्चों और किशोरों की ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर Meta ने अमेरिका में Facebook और Instagram के लिए कई नए नियमों पर सहमति जताई है। इन बदलावों के तहत 18 साल से कम उम्र के यूजर्स के लिए दोनों प्लेटफॉर्म के संयुक्त इस्तेमाल की डिफॉल्ट सीमा रोजाना दो घंटे रखी जाएगी। यह समय बढ़ाने या सीमा हटाने के लिए अभिभावकों की अनुमति जरूरी होगी। इसके अलावा रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक नाबालिगों के लिए Facebook और Instagram का इस्तेमाल प्रतिबंधित रखने की व्यवस्था होगी। स्कूल के समय के दौरान सामान्य नोटिफिकेशन को भी सीमित करने की तैयारी है, जबकि जरूरी संदेश और सुरक्षा से जुड़े अलर्ट जारी रह सकते हैं।
ये बदलाव अमेरिका में Meta के खिलाफ चल रहे उन कानूनी मामलों के बीच सामने आए हैं, जिनमें कंपनी पर आरोप लगाया गया था कि उसके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म बच्चों और किशोरों को अत्यधिक इस्तेमाल के लिए प्रेरित कर सकते हैं। समझौते के तहत Meta को बड़ी रकम का भुगतान भी करना है, हालांकि कंपनी ने किसी गलत काम या कानूनी जिम्मेदारी को स्वीकार नहीं किया है। कंपनी ने साथ ही उम्र की पहचान करने वाली तकनीक, पैरेंटल कंट्रोल और बच्चों को नुकसान पहुंचाने वाले कंटेंट से सुरक्षा के लिए अतिरिक्त उपाय मजबूत करने की बात कही है।
Meta के इन बदलावों का तत्काल असर अमेरिका में रहने वाले नाबालिग यूजर्स पर पड़ेगा। भारत में इस समझौते का सीधा कानूनी प्रभाव नहीं होगा, लेकिन बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर यह फैसला दुनियाभर की टेक कंपनियों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कम उम्र के यूजर्स की सुरक्षा, स्क्रीन टाइम और अभिभावकों की निगरानी को लेकर आने वाले समय में ऐसे और नियम देखने को मिल सकते हैं।
