वॉशिंगटन। अमेरिका ने अप्रवासी वीजा आवेदनों और साक्षात्कार प्रक्रिया को कुछ समय के लिए रोक दिया है। अमेरिकी विदेश विभाग के अनुसार, दुनियाभर के अमेरिकी दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है, जिसके कारण नई वीजा नियुक्तियों में अस्थायी बदलाव किया गया है। विदेश विभाग ने बताया कि जिन आवेदकों के साक्षात्कार पहले से तय थे, उन्हें ईमेल के माध्यम से इसकी सूचना दी जा रही है। ऐसे आवेदकों की नियुक्तियां रद्द कर नई तारीख बाद में उपलब्ध कराई जाएगी। इस प्रक्रिया से अमेरिका में स्थायी रूप से बसने की योजना बना रहे लोगों को देरी का सामना करना पड़ सकता है।
अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, नए प्रशिक्षण का उद्देश्य वीजा आवेदकों की जांच प्रक्रिया को और बेहतर बनाना है। इसके तहत अधिकारियों को आवेदकों की परिस्थितियों का विस्तृत मूल्यांकन करने और सभी मामलों में समान प्रक्रिया अपनाने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है। इस फैसले का असर उन लोगों पर पड़ सकता है, जो परिवार आधारित अप्रवासी वीजा, रोजगार आधारित वीजा या ग्रीन कार्ड प्रक्रिया के जरिए अमेरिका जाने की तैयारी कर रहे हैं। साक्षात्कार में देरी होने से उनकी आगे की प्रक्रिया भी प्रभावित हो सकती है।
डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन पहले भी आव्रजन नियमों को सख्त करने के लिए कई कदम उठा चुका है। इनमें वीजा जांच बढ़ाना, सोशल मीडिया गतिविधियों की समीक्षा और कुछ श्रेणियों के आवेदनों पर अतिरिक्त निगरानी जैसे फैसले शामिल हैं। अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि इन कदमों का उद्देश्य देश की सुरक्षा मजबूत करना और आव्रजन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है। वहीं, विशेषज्ञों के अनुसार, वीजा प्रक्रिया में बदलाव से कई आवेदकों को लंबी प्रतीक्षा का सामना करना पड़ सकता है।
