रायपुर । राजधानी रायपुर में बुधवार को ईद मिलादुन्नबी के जुलूस के दौरान चाकूबाजी की घटना से हड़कंप मच गया। आजाद चौक थाना क्षेत्र के तात्यापारा में कुछ युवकों के बीच हुए विवाद के दौरान एक युवक ने चाकू से तीन युवकों पर हमला कर दिया। घटना में तीनों घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, पैगंबर मोहम्मद के जन्मदिन के अवसर पर बड़ी संख्या में लोग जुलूस में शामिल होने के लिए तात्यापारा क्षेत्र में पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढऩे पर एक युवक ने अपने पास रखे चाकू से तीन युवकों पर हमला कर दिया। अचानक हुई इस वारदात से जुलूस में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। बताया जा रहा है कि पुलिस ने घटना में शामिल कुछ युवकों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जशपुर में पहली बार ‘चेकमेट एट जशपुर–अखिल भारतीय ओपन फिडे रेटेड शतरंज प्रतियोगिता
सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई वारदात
ईद मिलादुन्नबी के जुलूस को देखते हुए राजधानी में पुलिस की तैनाती की गई थी। इसके बावजूद जुलूस के दौरान चाकूबाजी की घटना सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
लगातार सामने आ रही चाकूबाजी की घटनाएं
राजधानी रायपुर में पिछले कुछ दिनों से चाकूबाजी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। सोमवार रात भी चाकूबाजी की दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हुई थी। ऐसे में पर्व के दौरान पुलिस सुरक्षा के बीच तीन युवकों पर चाकू से हमला होने की घटना ने एक बार फिर राजधानी की कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ कर रही है और घटना के कारणों तथा हमलावर की भूमिका की जांच की जा रही है।
