कोरबा। प्रदेश में बढ़ते अपराध और कानून-व्यवस्था को लेकर रामपुर विधायक राठिया ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के बजाय दूसरे मुद्दों में उलझी हुई है। विधायक ने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि शराब दुकानों और भट्टियों के विस्तार पर ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है, जबकि आम लोगों की सुरक्षा और अपराध पर नियंत्रण जैसे गंभीर विषयों को प्राथमिकता नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि नशे के कारण युवाओं के अपराध की ओर बढ़ने की आशंका बढ़ रही है और इससे सामाजिक वातावरण भी प्रभावित हो रहा है।
राठिया ने मड़वारानी क्षेत्र में पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि उरगा थाना क्षेत्र काफी विस्तृत है, जिसके अंतर्गत सोहागपुर, फरसवानी, उमरेली, खरवानी और बरपाली सहित 40 से अधिक गांव आते हैं। इन क्षेत्रों में बड़ी आबादी निवास करती है, ऐसे में किसी घटना या आपात स्थिति में लोगों को समय पर पुलिस सहायता मिलने के लिए नजदीकी पुलिस चौकी जरूरी है। विधायक का कहना है कि मड़वारानी क्षेत्र के लोगों द्वारा लंबे समय से पुलिस चौकी की मांग की जा रही है, लेकिन शासन और जिला प्रशासन की ओर से अब तक इस दिशा में ठोस निर्णय नहीं लिया गया। उन्होंने कहा कि नशे और अपराध की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस की मौजूदगी मजबूत करना जरूरी है।
उन्होंने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से बढ़ते अपराध पर तत्काल प्रभावी कदम उठाने तथा मड़वारानी में पुलिस चौकी की स्थापना की मांग को जल्द पूरा करने की अपील की है। विधायक ने कहा कि क्षेत्र की सुरक्षा और आम नागरिकों के हित में इस मामले पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाना चाहिए।
