‘हैवान’ का ट्रेलर जारी, अक्षय कुमार का खूंखार अंदाज और सैफ अली खान का रहस्यमयी किरदार आया सामने

Follow Us

मुंबई। अक्षय कुमार और सैफ अली खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म हैवान का ट्रेलर रिलीज हो गया है। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी यह फिल्म एक डार्क थ्रिलर के रूप में सामने आ रही है। ट्रेलर में दोनों कलाकारों के किरदारों के बीच तनाव और रहस्य से भरी टकराहट देखने को मिलती है। 2 मिनट 34 सेकंड के ट्रेलर की शुरुआत एक डरावने माहौल से होती है, जहां एक व्यक्ति अपनी जान बचाने के लिए मदद की गुहार लगाता नजर आता है। इसके बाद कहानी में कई रहस्यमयी घटनाओं और हत्याओं की झलक दिखाई जाती है, जिससे फिल्म की गंभीर और बेचैन करने वाली दुनिया का अंदाजा मिलता है।

ट्रेलर में सैफ अली खान एक ऐसे व्यक्ति की भूमिका में दिखाई दे रहे हैं, जो दृष्टिहीन है। उनका किरदार कहानी के रहस्य का अहम हिस्सा नजर आता है। वहीं अक्षय कुमार एक बेहद खतरनाक और नकारात्मक किरदार में नजर आए हैं। दोनों के बीच होने वाला संघर्ष ट्रेलर की सबसे बड़ी खासियतों में शामिल है। सैयामी खेर फिल्म में पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा रही हैं, जो शहर में हो रही हत्याओं की जांच करती नजर आएंगी। ट्रेलर में कहानी से जुड़े कई सवालों के जवाब नहीं दिए गए हैं, जिससे फिल्म का सस्पेंस और बढ़ जाता है।

‘हैवान’ खास इसलिए भी है क्योंकि अक्षय कुमार और सैफ अली खान करीब 17 साल बाद एक साथ पर्दे पर दिखाई देंगे। दोनों इससे पहले ‘टशन’ में साथ नजर आए थे। इससे पहले यह जोड़ी ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’, ‘यह दिल्लगी’, ‘तू चोर मैं सिपाही’ और ‘कीमत’ जैसी फिल्मों में भी काम कर चुकी है। फिल्म में बोमन ईरानी, श्रेया पिलगांवकर, राजपाल यादव, शारिब हाशमी, राजेश शर्मा, पहल चौधरी और मनोज जोशी भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। केवीएन प्रोडक्शंस और थेस्पियन फिल्म्स के बैनर तले बनी हैवान’ 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी