रक्षाबंधन पर यात्रियों को मिलेगी राहत, दुर्ग-रायगढ़ के बीच 27 से 29 अगस्त तक चलेगी स्पेशल ट्रेन

Follow Us

रायपुर। रक्षाबंधन के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने दुर्ग और रायगढ़ के बीच विशेष ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेन 27, 28 और 29 अगस्त 2026 को दोनों दिशाओं में तीन-तीन फेरे लगाएगी। ट्रेन के सभी मध्यवर्ती स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है, जिससे रायपुर, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, सक्ती, खरसिया और आसपास के यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।

रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 08834 दुर्ग-रायगढ़ रक्षाबंधन स्पेशल 27 से 29 अगस्त तक रोजाना सुबह 10.30 बजे दुर्ग से रवाना होगी। ट्रेन दोपहर 14.45 बजे बिलासपुर, 15.27 बजे अकलतरा, 15.44 बजे जांजगीर-नैला, 15.55 बजे चांपा, 16.13 बजे बाराद्वार, 16.59 बजे सक्ती और 17.16 बजे खरसिया पहुंचेगी। इसके बाद शाम 19.00 बजे रायगढ़ पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 08833 रायगढ़-दुर्ग रक्षाबंधन स्पेशल 27 से 29 अगस्त तक रोजाना शाम 19.40 बजे रायगढ़ से रवाना होगी। यह ट्रेन 20.13 बजे खरसिया, 20.30 बजे सक्ती, 20.43 बजे बाराद्वार, 21.00 बजे चांपा, 21.12 बजे जांजगीर-नैला, 21.25 बजे अकलतरा और 22.20 बजे बिलासपुर पहुंचेगी। इसके बाद अगले दिन रात करीब 2 बजे दुर्ग पहुंचेगी।

रेलवे ने बताया कि इस ट्रेन में कुल 10 कोच होंगे, जिनमें 8 सामान्य श्रेणी के कोच और 2 एसएलआरडी कोच शामिल हैं। रक्षाबंधन पर परिवार और रिश्तेदारों से मिलने जाने वाले यात्रियों को इस अतिरिक्त सेवा से यात्रा में सुविधा मिलने की उम्मीद है।