रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय बना हुआ है और राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। बारिश के कारण कई जगहों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है और नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में 28 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। 25 अगस्त को भी प्रदेश के कई जिलों में बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
राजधानी रायपुर में पिछले दो दिनों से बारिश का सिलसिला जारी है। सोमवार देर रात हुई तेज बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में सड़कों पर पानी जमा हो गया। कुछ नाले भी उफान पर आ गए, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। दलदल सिवनी क्षेत्र के नाले में जलस्तर बढ़ने से भी आवागमन प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। मौसम विभाग के अनुसार बारिश के दौरान लोगों को अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचना चाहिए। बिजली चमकने या तेज बारिश के समय खुले स्थानों, पेड़ और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखना जरूरी है।
